एक्सपायरी डेट की पानी की बोतल दिखाते ग्राहक।
- फोटो : Amar ujala
जिले में एक्सपायरी डेट की पानी की बोतलें धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। ग्राहकों के विरोध पर एजेंसी संचालक भी गलती मान रहे हैं। खाद्य विभाग ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
शहर के बस स्टैंड, पुरानी बाजार व नई बाजार में इन दिनों एक्सपायरी डेट की पानी की बोतलें दुकानों में उपलब्ध हैं।
शहर के अजय कुमार गुप्ता, शेषू कुमार व मंगल प्रसाद ने बताया कि लगातार दो दिनों से दुकानों से एक कंपनी की ऐसी पानी की बोतलें बेची जा रही हैं, जो एक्सपायर हो चुकी हैं। दुकानदारों ने बताया कि मुख्यालय में ही इसकी एक एजेंसी है, जिससे माल लिया जाता है। ग्राहकों की शिकायत पर एजेंसी संचालक को जानकारी दी गई।
इस मामले में एजेंसी संचालक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एक्सपायरी डेट की पानी की बोतलें बाजार में गलती से सप्लाई हो गई हैं। जानकारी होते ही दुकानदारों से इसे वापस मांगा गया है। जो बिक चुकी हैं, उसके बारे में एजेंसी संचालक ने कुछ नहीं कहा।
उधर, खाद्य अभिहीत अधिकारी शशि शेखर ने बताया कि एक्सपायरी डेट का पानी बेचना अपराध की श्रेणी में आता है। अभी इसकी जानकारी मिली है। छापेमारी की जाएगी और जिन दुकानों में एक्सपायरी डेट का बोतलबंद पानी मिलेगा, उस दुकानदार व एजेंसी संचालक पर कार्रवाई होगी।