बरगढ़ (चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुर्का गांव के निकट अनियंत्रित कार की टक्कर से साइकिल सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। कार भी सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई लेकिन कार सवार चालक व अन्य यात्री भाग निकले। पुलिस ने कार बरामद की है।
मुर्का गांव निवासी सलीम (51) पुत्र इब्राहीम मंगलवार की दोपहर को बेटे एजाज अहमद (12) के साथ गांव के कोटेदार के पास साइकिल से राशन सामग्री लेने गए थे। लौटते समय झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे तभी प्रयागराज की ओर से आ रही कार ने साइकिल पर टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने पुलिस सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल लाया गया। डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही दोनों की गईं।
थाना प्रभारी रविप्रकाश ने बताया कि कार को पुलिस कब्जे में लिया है। दोनों शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मृतक एजाज तीन भाई में छोटा था।