मोहनिया। कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के राधाखाड़ गोलीकांड मामले में घायल युवक की वाराणसी में इलाज के दौरान बुधवार की रात मौत हो गई। मृतक युवक भगवानपुर थाना क्षेत्र के कसेर गांव का विष्णु कुमार (25) बताया जाता है।
विजयादशमी की रात राधाखाड़ गांव में दुर्गापूजा के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के दौरान सरैया गांव के युवक से उसका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सरैया गांव के युवक ने उसे गोली मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आनन-फानन में परिजन उसे भभुआ सदर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। यहां इलाज के दौरान बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। मामले में मृत युवक के परिजनों की तहरीर पर भगवानपुर थाने में सरैया गांव के तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर बाकियों की तलाश में जुट गई है।