जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डांडी में मंगलवार को विवादित जमीन से ट्रैक्टर ले जाने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसी बीच एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के विजय गुप्ता (54) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई। पुलिस विजय को निजी अस्पताल ले गई, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है।
डांडी निवासी विजय गुप्ता की पत्नी पूर्णिमा गुप्ता ने बहादुरपुर निवासी चंद्रभूषण त्रिपाठी के पट्टीदारों से 2017 में जमीन खरीदी थी। चंद्रभूषण तिवारी से रास्ते के विवाद को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है। मंगलवार को विजय छत की ढलाई के बाद अपना ट्रैक्टर बाहर निकल रहे थे। तभी ट्रैक्टर चंद्रभूषण के कब्जे वाली जमीन पर चला गया।
इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी बीच चंद्रभूषण और उनके भतीजे उत्कर्ष त्रिपाठी ने विजय गुप्ता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे विजय गुप्ता झुलस गये। वहीं, विजय के पुत्र बृजेश और आकाश को भी हल्की चोटें आईं। वहीं, आग लगाने के आरोपी को विजय के परिजनों ने पकड़कर धुनाई कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। वहीं, घायल विजय को ट्रामा सेंटर मेें भर्ती कराया गया। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि विजय गुप्ता 30 फीसदी झुलस गए हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चंद्रभूषण त्रिपाठी और उत्कर्ष त्रिपाठी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।