पीडीडीयू नगर। रेलवे के माल गोदाम स्थित वैगन रिपेयरिंग सेंटर में मंगलवार की शाम वेल्डिंग के दौरान करंट की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। मृत अजहरूद्दीन (24) मधुपुर हिनौता के रहने वाले थे। वे ठेके पर श्रमिक का काम करते थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालगोदाम में रेलवे के मालगाड़ी के वैगन की मरम्मत का काम होता है। यह कार्य बंगाल की कंपनी कराती है। इसमें चंदौली के मधुपुर हिनौता निवासी अजहरूद्दीन ठेके पर वेल्डिंग का काम करते थे। मंगलवार की शाम वे वैगन में वेल्डिंग कर रहे थे। इसी बीच वे करंट की चपेट में आ गए। इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। साथी कर्मी उन्हें भोगवारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्रमिक की मौत की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं अन्य श्रमिकों ने मुआवजा की मांग शुरू कर दी। कंपनी संचालकों का कहना था कि मृतक के परिवार वालों को बीमा सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलवाया जाएगा। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष विनोद मिश्र का कहना है कि दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।