मुगलसराय के घी कारोबारी प्रसीन केशरी (30) को गोरखपुर में एटीएस टीम द्वारा होटल से उठाए जाने के बाद गोरखपुर पुलिस राहत में है। अपहरण की आशंका के साथ प्रसीन केशरी की खोजबीन का शुक्रवार को नाटकीय पटाक्षेप हुआ। चर्चा है कि छत्तीसगढ़ में बीते दिसंबर माह में हुई एक कांग्रेस नेता की हत्या की जांच के तार प्रसीन केशरी से जुड़ रहे हैं। इसी मामले में पूछताछ के लिए एटीएस उन्हें उठाकर लखनऊ ले गई है।
बहन संचिता के मुताबिक वह भाई प्रसीन तथा अपने पति के साथ बृहस्पतिवार को प्रयागराज निवासी एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए एक साथ पहुंचे। विकास नगर स्थित मैरिज लॉन के पास ही तीनों एक होटल में ठहरे थे।
संचिता ने पुलिस को बताया कि शाम 4:30 बजे कुछ लोग होटल में आए और प्रसीन को साथ लेकर चले गए। जाते वक्त प्रसीन ने संचिता को फोन करके कहा कि मुझे पुलिस ने पकड़ लिया है। दीवान जी जा रहे हैं, उन्हें मेरा जैकेट और जूता दे दो। इसके बाद एक युवक जूता और जैकेट लेने आया। संचिता ने उससे अपने भाई के बारे में पूछा तो उस युवक ने कहा कि पुलिस लाइन आओ, तुम्हारा भाई वहीं मिलेगा।
संचिता ने शक के आधार पर पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी और अपहरण की आशंका जाहिर की। सूचना पर एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच, एसओजी भी जांच में लग गई थी। देर शाम तक प्रसीन को कहीं कुछ पता नहीं चला, जिससे परिजनों के साथ पुलिस भी चिंता में पड़ गई।