पीडीडीयू नगर। जिले के सैयदराजा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उप चुनाव की अधिसूचना जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बुधवार को जारी कर दी। अधिसूचना के अनुसार 17 दिसंबर को मतदान और 19 दिसंबर को मतगणना कराई जाएगी। विराग पांडेय को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सैयदराजा नगर पंचायत में भाजपा के टिकट पर रीता मद्देशिया अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। कार्यकाल के एक साल के अंदर ही उनकी मृत्यु हो गई, जिससे अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। ऐसे में विकास कार्य की रफ्तार भी सुस्त हो गई। इस पद पर उप चुनाव कराने के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने अधिसूचना जारी की।
डीएम ने बताया कि सैयदराजा नगर पंचायत अध्यक्ष के उप चुनाव के लिए 28 नंवबर से तीन दिसंबर नामांकन होगा। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा पर्चे खरीदे और भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच चार दिसंबर को को होगी और छह दिसंबर को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापसी होगी। छह दिसंबर को ही दोपहर तीन बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 17 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना 19 दिसंबर को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी।