पीडीडीयू नगर। जमीन विवाद के मामलों के निस्तारण और निर्विवाद पैमाइश के लिए सकलडीहा तहसील में 555 सीमा स्तंभ लगाए जाएंगे। डीएम के निर्देश पर बुधवार को इसका काम शरू हो गया और देर शाम तक चलता रहा। एसडीएम ने मौका मुआयना कर समय पर काम पूरा कराने की हिदायत दी।
सीमा स्तंभ क्षतिग्रस्त होने के कारण राजस्व विभाग के सामने जमीन की पैमाइश में समस्या आती है। इसके अलावा लोगों में विवाद भी होते हैं। सरकारी जमीन चिह्नित करने दौरान भी काश्तकार विवाद करते हैं। इसको देखते हुए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने सीमा स्तंभ लगाने का निर्देश दिया है। चहनिया ब्लॉक में 200, धानापुर में 189 और सकलडीहा ब्लॉक में 166 स्थानों पर सीमा स्तंभ लगाए जाएंगे।
धानापुर ब्लॉक के लिए दिनेश शुक्ला, चहनिया के लिए राजेंद्र यादव और सकलडीहा ब्लाॅक के लिए मोहम्मद आरिफ अंसारी और राजेंद्र प्रसाद को नामित किया गया है। एसडीएम अनुपम मिश्र ने बताया कि सकलडीहा तहसील के तीनों ब्लॉकों में 555 सीमा स्तंभ लगाने का काम जल्द पूरा कराया जाएगा।