पटना पीडीडीयू रेल रूट पर धीना स्टेशन से दो किमी आगे भैसउर गांव के समीप रेलवे क्रासिंग को बंद किए जाने से ग्रामीणों ने हो हल्ला किया। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने दानापुर के डीआरएम से वार्ता कर अंडर पास बनाए जाने तक क्रासिंग बंद न करने को कहा।
भैसउर गांव के समीप रेलवे लाइन पर बने क्रासिंग को लेकर पिछले तीन वर्षों से विवाद हो रहा है। रेलवे ने वर्ष 2018 में रेलवे लाइन के दोनों तरफ खंभे गाड़ कर आवागमन रोक दिया था। ग्रामीणों ने लंबे प्रदर्शन के बाद आश्वासन दिया गया कि जल्द ही यहां अंडरपास बना दिया जाएगा। इसके बाद आवागमन रोका जाएगा। इस बीच अब बुधवार को एक बार फिर रेलवे ने खंभा लगाकर आवागमन रोक दिया। इस पर ग्रामीणों ने हो हल्ला शुरू कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने दानापुर के डीआरएम अमित कुमार गुप्ता से बात की। डीआरएम ने बताया कि अंडरपास के लिए आधा पैसा राज्य सरकार देती है। राज्य सरकार की ओर से पैसा न मिलने की वजह से अंडरपास नहीं बन सका है। पूर्व विधाधयक ने कहा कि जब तक अंडरपास नहीं बनेगा तब तक क्रासिंग बंद करने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर केबी तिवारी, आरपीएफ निरीक्षक बालगंगाधर, पीडब्लूआई अखिलेश कुमार, आईओडब्लू बक्सर वीएम सिंह रहे।