सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र स्थित कॉलेश्वर मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से शिवगढ़ गांव निवासी सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना मृतक का दाह संस्कार कर दिया।
गांव निवासी स्व. सियाराम गोंड के दो पुत्र मुलायम (35) और संजीवन है। पिछले छह माह से मुलायम गाजीपुर स्थित अपनी ससुराल में सब्जी दुकान खोलकर परिवार की परवरिश करता था। बुधवार को देर शाम अपने ससुराल से घर आया हुआ था। वह बृहस्पतिवार सुबह कालेश्वर मंदिर पर दर्शन करने के लिए रेलवे लाइन पा कर रहा था। इसी बीच अप ट्रैक पर आ रही विभूति एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। काफी देर बाद युवक की शिनाख्त हुई। परिजनों को जानकारी होने पर कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचित किये बगैर शव का दाह संस्कार कर दिया। मुलायम की शादी 12 वर्ष पूर्व गाजीपुर जनपद के सवईया गांव की किरण से हुई थी। मुलायम के दो पुत्र विशाल व ठेलू और एक पुत्री रिया हैं। पुलिस ने बताया कि इस घटना की जानकारी परिजनों की ओर से उन्हें नहीं दी गई है।