शहाबगंज। थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के समीप शनिवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस गई। इस दौरान बाइक चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
सिंगरौल गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (18) शनिवार को घर से बाइक लेकर घूमने के लिए निकला था। जैसे ही वह लालपुर गांव के पास पहुंचा कि अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गयी और वो सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसी। इस दौरान बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं सिर में गंभीर चोट लगने से धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पिता दासू मजदूरी करते है। घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।