पीडीडीयू नगर। आरआरबी परीक्षा में अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल तक पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए पूर्व मध्य रेलवे की ओर से लगातार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों को चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अब गया और हावड़ा के बीच दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हावड़ा गया परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। हावड़ा से 11, 14 और 17 जून को परीक्षा स्पेशल रात 23.35 बजे खुलेगी और अगले दिन शाम 15.45 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन गया से 12,15 और 18 जून की रात 23.55 बजे से खुलेगी और अगले दिन शाम 17.05 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन बैंडेल, अजीमगंज, बड़हरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, नवादा एवं तिलैया स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में चेयरकार के दो, शयनयान श्रेणी के सात तथा साधारण श्रेणी के छह कोच लगेंगे।