पीडीडीयू नगर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दो प्लाटून पीएसी, आठ पुलिस कर्मी और 125 होमगार्डों की तैनाती कर दी गई है। बुधवार को इन्होंने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली।
प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए एक माह में 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ बढ़ेगी। पीडीडीयू जंक्शन होकर प्रयागराज जाने वाली 18 जोड़ी ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है। यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। यही नहीं अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए चालक और गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। अनुमान के मुताबिक विशेष स्नान पर्व के पूर्व पर पीडीडीयू जंक्शन पर एक लाख से ज्यादा यात्रियों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। ऐसे में जीआरपी और आरपीएफ के लिए सुरक्षा व्यवस्था चुनौती होगी। इसलिए अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई थी। इसको देखते हुए रेलवे स्टेशन पर दो प्लाटून पीएसी, 125 होमगार्ड और 08 पुलिसकर्मी की टीम पहुंची है। पुलिस और पीएसी के जवानों को नगर पालिका इंटर कॉलेज, इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी और लोको कॉलोनी स्थित क्लब में ठहराया गया है। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीएसी, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया में लगाई गई है।