धीना। स्थानीय कस्बा में लोगों की प्यास बुझाने के लिए मात्र तीन हैंडपंप लगे हैं। इनमें भी एक हैंडपंप लगभग आठ माह से खराब पड़ा है। वहीं मुख्य बाजार के तिराहे पर मंदिर के पास लगे हैंडपंप की हालत भी काफी दिनों से खराब है। दुकानदार बकिसी तरह मरम्मत कराकर इस हैंडपंप को पानी देने के योग्य बनाए हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि खझरा गांव के ग्राम प्रधान दिनेश बिंद से कई बार आग्रह किए जाने के बाद भी दोनों हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे चौराहे के दुकानदारों के साथ राहगीरों को पीने के पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। कस्बा निवासी सोनी अग्रहरी, चैतू चौरसिया, हरि गोंड, घुरहू अग्रहरी, रामअवतार अग्रहरि, सुरेश हलवाई, भरत यादव आदि ने ग्राम पंचायत विभाग का ध्यान आकर्षित कराते हुए हैंडपंपों के मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी संतोष केसरी ने बताया कि हैंडपंपों को ठीक कराने के लिए ग्राम प्रधान को बहुत पहले कहा गया था पर अभी तक उन्होंने ध्यान नहीं दिया है। संवाद