पीडीडीयू नगर। अग्निशमन कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को अग्निशमन सप्ताह की शुरुआत हुई। इसके पहले वर्ष 1944 में मुंबई डकयार्ड में लगी आग बुझाने के दौरान शहीद हुए 60 अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर शोक परेड भी हुई। इसके माध्यम से आग से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने और पूरी निष्ठा से कर्तव्य का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।
14 अप्रैल वर्ष 1944 में मुंबई स्थित डकयार्ड में खड़े रुई लदे जहाज में आग लग गई। आग बुझाने के दौरान 60 फायर कर्मी शहीद हो गए। तब से अग्निशमन विभाग की ओर से 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार की सुबह मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह की देखरेख में मुगलसराय फायर स्टेशन परिसर में कर्तव्य की वेदी पर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद फायर स्टेशन से फायर वाहनों के साथ जन जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने फायर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार इस वर्ष मनाए जाने वाले अग्नि सुरक्षा सप्ताह में प्रचार प्रसार की थीम अग्नि सुरक्षा सीखें-उत्पादकता बढ़ाएं है। कहा कि आग लोगों के जीवन का आधार है लेकिन थोड़ी सी लापरवाही से आग विनाशकारी होकर सबकुछ नष्ट कर देती है। ऐसे में अग्नि सुरक्षा महत्वपूर्ण हो जाती है। बताया कि 20 अप्रैल तक फायर सर्विस के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम वाहनों के साथ नगर, ग्रामीण व औद्योगिक क्षेत्र में लोगों को आग से बचाव के तरीके और सावधानियां सिखाएंगी। इसके पहले शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर आम नागरिकों को पिन फ्लैग लगाने के साथ पंफलेट के माध्यम से अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर एफएसएसओ मुन्नी सिंह, एफएसएसओ बृजमोहन सिंह, लीडिंग फायरमैन सुरेश कुमार, नरेंद्र कुमार सिंह रहे।