पीडीडीयू नगर। ठंड और कोहरे को देखते हुए ट्रेनों का परिचालन समय से करने की गरज से एक दिसंबर से तीन दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया था। कई ट्रेनों के फेरो में कमी कर दी गई थी। अब ठंड का प्रभाव कम हो गया है। बावजूद इसके अब तक ट्रेनों का परिचालन शुरू नही किया गया। ऐसे में यात्रियों को परेशानी हो रही है।
प्रतिवर्ष ठंड को देखते हुए दिसंबर माह में दर्जनों ट्रेनों को निरस्त किया जाता है। उसे ठंड की समाप्ति के बाद फिर से चलाया जाता है। इस वर्ष भी अप और डाउन राजेन्द्र नगर नई दिल्ली स्पेशल, फरक्का एक्सप्रेस, अजमेर सियालदह एक्सप्रेस, गया एग्मोर एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस सहित तीन दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन 28 फरवरी तक के लिए रद्द किया गया है। वहीं गया नई दिल्ली महाबोधि महाबोधि एक्सप्रेस, जयनगर नई दिल्ली, कोटा पटना स्पेशल, बरौनी लखनऊ एक्सप्रेस, धनबाद फिरोजपुर कैंट किसान एक्सप्रेस, रक्सौल आनंद बिहार एक्सप्रेस, आनंद विहार मुजफफरपुर, दानापुर आनद विहार जनसाधारण, राजगीर नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस, नई दिल्ली सहरसा स्पेशल आदि ट्रेेनों को सप्ताह में एक दिन के लिए रद्द किया गया है। ऐसे में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से चेन्नई, बेंगलुरू, दिल्ली, जम्मूतवी, मुंबई आदि तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। होली नजदीक आ गई है। ऐसे में पूर्वांचल और बिहार से गए लोग वापस लौटने के लिए ट्रेनों में सीट तलाश रहे हैं लेकिन ट्रेनों की कमी की वजह से रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। हालांकि रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि एक मार्च से रद्द चल रही ट्रेनें फिर से चलने लगेगी। इसके बाद दिक्कत नहीं होगी।