चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के बरहनी-नौबतपुर मार्ग पर परसिया गांव के समीप बाबा कीनाराम का दर्शन करके बोलेरो से लौट रहे पांच युवक अनियंत्रित होकर एक पेड़ में टकरा गए। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।
दो की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे कार्रवाई में जुट गई।
बताते हैं कि बिहार प्रदेश के भभुआ जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में गुरुवार को भानपुर गांव निवासी धनंजय यादव (27), सोनू यादव (32), सुशील यादव (25), करमा गांव निवासी राहुल यादव (25) और सैयदराजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी गुड्डू यादव (24) बोलेरो से बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में बाबा कीनाराम का दर्शन करने गए थे।
रात में घर लौटते समय कंदवा थाना क्षेत्र के बरहनी-नौबतपुर मार्ग पर परसिया गांव के समीप बोलोरो अनियंत्रित होकर एक पेड़ में टकरा गई, जिसमें पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पुलिस और आसपास के लोगों ने मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
इसमें धनंजय, गुड्डू, सोनू की मौत हो गई। वहीं, सुशील और राहुल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार की सुबह जिला पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ लग गई।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. संजय कुमार ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई है और दो गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
इस बाबत, कंदवा थाना प्रभारी सलिल स्वरूप आदर्श ने बताया कि बरहनी में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।