शहाबगंज।कस्बा स्थित एक परचून की दुकान में मंगलवार की रात घुसे चोरों ने गल्ले में रखे 27 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह जब दुकानदार को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गये। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी रही।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के अमरसीपुर गांव निवासी नेसार अहमद की मुख्य बाजार में परचून की दुकान है। प्रतिदिन की भांति मंगलवार की शाम दुकान बंद कर वे घर चले गये। चोर रात में दुकान के पीछे से लकड़ी का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गये। इस दौरान चोरों ने गल्ला में रखे 27 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह दुकानदार ने दुकान में बिखरा हुआ सामान देखकर उसके होश उड़ गये। उन्होंने देखा कि दुकान में रखे काउंटर में बने गल्ले का ताला टूटा हुआ और वहां रखी 27 हजार रुपये नगदी गायब है। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मामले की जांच में लग गई। वहीं कस्बा में आये दिन हो रही चोरी की घटना से दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है।