पड़ाव । स्थानीय चौराहे पर आये दिन लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस के पास कोई भी योजना नहीं रह गई है। हर रोज चौराहे पर काफी लंबा जाम रहा है। जिसमें फंस लेकर लोगों का वक्त बर्बाद हो रहा है और परेशानी हो रही है। बृहस्पतिवार को दोपहर में पड़ाव चौराहे पर लगे जाम के कारण देर शाम तक लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी । ट्रेन पकड़ने के लिए डीडीयू जंक्शन जाने वाले यात्रियों को कई वाहन बदलने पड़े।
पड़ाव चौराहे से वाराणसी, रामनगर, पीडीडीयू नगर, सूजाबाद के काफी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। क्षेत्र में यातायात को नियंत्रित करने के लिए बीच चौराहे पर पुलिस पिकेट बनाई गई है। बावजूद इसके आये दिन जाम की स्थिति बन जाती है। जबकि रामनगर पुलिस की ओर से भी पिकेट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे के बाद वाहनों की संख्या बढ़ते ही चौराहे पर जाम लग गया। देखते ही देखते सभी तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसने के कारण यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई। डीडीयू जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्रियों को कई वाहन भी बदलने पड़े। लोगों ने कहा कि पहले त्योहार पर जाम लगता था अब ऐसा होना आम बात हो गई है। देर शाम तक चौराहे पर जाम लगा रहा। लोगों ने कहा कि पुलिस ने अगर कोई योजना नहीं बनाई तो देव दीपावली पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ सकता है।