सकलडीहा। कोतवाली के दिनदासपुर गांव निवासी दीपक चौहान ने बुधवार को एसपी से मिलकर डेढ़ावल पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर पुत्र को छोड़ने के एवज में रुपये लेने की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र अंकित कुमार को पुलिस ने बेवजह मारपीट कर चौकी पर बैठाया और छोड़ने के लिए साठ हजार रुपये की मांग की थी।
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के दिनदासपुर गांव निवासी दीपक चौहान ने एसपी के यहां पत्र देकर डेढ़ावल चौकी प्रभारी व वहां तैनात पुलिसकर्मियों की शिकायत की है। उनके मुताबिक उकनीवीराम राय गांव की एक छात्रा ने उसके पुत्र अंकित व अन्य तीन छात्रों को पुस्तक लेने के लिए मंगलवार की शाम गांव पर बुलाया। आरोप है कि गांव के ही कुछ लड़कों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट की और पुलिस को सौंप दिया। आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उनके पुत्र को छोड़ने के एवज में दो व्यक्तियों के खाते में गूगल पे के माध्यम से 30-30 हजार रुपये डलवाए गये। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने सारे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस मे सुलह कर ली है।