नौगढ़। विकास खंड नौगढ़ में दो माह से लापता पंचायती राज विभाग के एक सफाई कर्मी को खोजने के लिए ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी संजीव सिंह को पत्र लिखा है। ग्राम प्रधान ने खंड विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को लिखे पत्र में बताया है कि दो माह से राजस्व गांव जमसोती में नियुक्त सफाई कर्मी लापता हैं।
नौगढ़ ब्लॉक के लौवारी कला के राजस्व गांव जमसोती को सैनिटाइज करना तो दूर, गांव की नालियां तक साफ नहीं हुई हैं। नालियों का बदबूदार पानी सड़क पर बह रहा है। लोगों द्वारा प्रयोग किए जा चुके मास्क तेज हवा से गांव में उड़ रहे हैं। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, इससे बस्तियों में संक्रमण का खतरा है। ग्राम प्रधान यशवंत सिंह यादव ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर लापता सफाई कर्मी को खोजने तथा सफाई व्यवस्था का मुकम्मल इंतजाम कराने का अनुरोध किया है। बताया कि लौवारी तथा जमसोती में गंदगी के कारण ही पिछले दिनों चिकन पॉक्स के लक्षण वाली बीमारी से एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे, जिनका इलाज किया गया।