पीडीडीयू नगर। नगर में पटाखों की अस्थाई दुकानें इस बार आबादी के नजदीक सुभाष पार्क में लगेगी। पिछले कई वर्षों से पटाखों की दुकानें आबादी से दूर दामोदरदास पोखरे के बाद लगती थी। लेकिन इसबार वहां दीपावली का मेला लगा है। ऐसे में जल्दबाजी में प्रशासन ने आबादी के नजदीक सुभाष पार्क में पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति दे दी है। आलम यह है कि इस पार्क में आवागमन के लिए मात्र एक ही गेट है। जिसकी चौड़ाई केवल दस फीट ही है।
रोशनी के पर्व के रुप में विख्यात दीपावली पर पटाखों की खूब बिक्री होती है। पटाखे छोड़ने के शौकीन हजारों रुपये के पटाखे खरीदते हैं। ऐसे में इस पर्व पर पटाखों की बिक्री के लिए नगर में कई लोग अस्थायी लाइसेंस भी लेते हैं । इन अस्थायी लाईसेंसधारियों को पटाखे की बिक्री के लिए प्रशासन की ओर से स्थान भी उपलब्ध भी कराया जाता है। इस बार मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में 16 लोगों को अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया है।
जिसमें 12 को लाइसेंस प्राप्त हो चुका शेष लोगों को लाइसेंस दिये जाने की प्रकिया पूरी की जा रही है। प्रशासन की ओर से इस बार अस्थायी लाइसेंसधारकों को पटाखा बिक्री के लिए नगर में आबादी के समीप सुभाष पार्क में स्थान उपलब्ध कराया गया है। चारों तरफ बाउंड्रीवॉल से घिरे पार्क में निकासी के लिए सिर्फ एक गेट है। पटाखा बिक्री के लिए पार्क में टेंट लगना शुरू हो गया है। पटाखा बिक्री के चलते वहां खरीददारों की काफी होने की उम्मीद है । पार्क से निकासी के लिए एकल मार्ग होने के कारण अनहोनी की स्थिति में बड़ी घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
सीओ सदर अनिल राय ने बताया कि नगर पालिका द्वारा दामोदरदास पोखरे के समीप दीपावली मेला लगाये जाने के कारण पालिका की ओर से सुभाष पार्क में स्थान उपलब्ध कराया गया है। पटाखा विक्रेताओं को अग्निशमक यंत्र रखने के निर्देश दिये गये है। वहीं पार्क के बाहर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी खड़ी रहेगी।