पीडीडीयू नगर। जनपद में मिनी स्टेडियम के निर्माण में हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण कार्य पूरा कराने की अवधि बीत चुकी है लेकिन अभी नींव का काम भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में कब तक मिनी स्टेडियम बनकर तैयार होगा, अधिकारियों को भी इसका कोई अनुमान नहीं है।
हिंगुतरगढ़ में सितंबर 2023 में सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया था। अक्टूबर 2024 तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि तय की गई थी लेकिन अभी नींव का काम ही पूरा नहीं हो सका है। इसे देखते हुए निर्माण की अवधि एक वर्ष बढ़ाकर अक्टूबर 2025 कर दी गई है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी यूपी पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपी पीसीएल) वाराणसी को दी गई है। कार्यदाई संस्था स्वायल टेस्टिंग कराने के बाद नींव खोदाई का काम करा रही है। करीब पांच करोड़ की लागत से बनने वाले स्टेडियम के लिए शासन से एक करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। युवा कल्याण विभाग और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण खेल प्रेमियों का स्टेडियम का सपना फिलहाल पूरा होने वाला नहीं है।
इनसेट.....
पीडीडीयू नगर में नहीं है एक भी खेल मैदान
पीडीडीयू नगर में एक भी खेल मैदान नहीं है। युवा खिलाड़ी सड़क किनारे और लोगों की निजी जमीन खेलते हैं। लंबे समय से नगर के खिलाड़ी स्टेडियम की मांग कर रहे हैं। हर चुनाव में उम्मीदवारों के एजेंडे में खेल मैदान भी होता है, लेकिन पूरा नहीं हो ।
कोट......
हिंगुतरगढ़ में खेलो इंडिया अभियान के तहत मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी नींव का काम चल रहा है। एक साल में काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। - नितीश कुमार राय, प्रभारी अधिकारी, जिला युवा कल्याण विभाग, चंदौली।