धानापुर स्थित कैप्टन विजय प्रताप सिंह महाविद्यालय आवाजापुर के प्रांगण में मंगलवार से सेना भर्ती रैली शुरू हुई।
पहले
दिन ट्रेडमैन और सोल्जर जीडी ट्रेड के लिए चंदौली जिले के 10,800 अभ्यर्थी
दौड़ में शामिल हुए। जिसमें 423 अभ्यर्थी सफल रहे। जिन्हें मेडिकल के लिए
भेजा गया। उनकी लिखित परीक्षा बाद में होगी।
भर्ती प्रक्रिया के लिए आए
अभ्यर्थियों को टोकन देने का क्रम चार बजे भोर से शुरू हो गया था। जबकि
दौड़ सुबह छह बजे से आरंभ हुई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
किए गए थे।
टोकन के लिए सुबह चार बजे ही सैनिकों ने युवाओं को लाइन
में खड़ा करा दिया था।
जैसे ही टोकन वितरण शुरू हुआ, युवा लगाई गई बल्लियों
को तोड़कर पहले टोकन पाने के लिए आगे बढ़ने लगे। जिसे किसी तरह संभाला
गया। टोकन लेने के पश्चात लंबाई की नाप के लिए लाइन लगवाई गई।
लंबाई में
पास होने के बाद युवा दौड़ स्थल पर पहुंचे। जहां उन्हें कतारबद्ध बैठाया
गया और ग्रुप के साथ 200 युवाओं के समूह को एक साथ ग्राउंड में दौड़ने के
लिए छोड़ा गया।
दौड़ में सफल युवाओं का बायोमैट्रिक विधि से पंजीकरण हुआ।
अंत में उनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन सहायक रिक्रूटिंग अफसरों ने किया।
जिसमें कुल 423 अभ्यर्थी सफल हुए।
सेना भर्ती के दौरान डेढ़ावल से
शहीदगांव तक बैरीकेडिंग कर सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया था।
जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम और पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी सुबह पौने आठ बजे
ही मौके पर पहुंच गए थे। बुधवार को सोल्जर टेक्निकल, नर्सिंग और सोल्जर
क्लर्क की परीक्षा के लिए चंदौली के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस दौरान
सैयदराजा विधायक मनोज सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने सेना के अफसरों से मिलकर
जानकारी ली।