पीडीडीयू नगर। दिल्ली से आए स्मॉग का असर पूरे पूर्वांचल पर पड़ा है। वाराणसी में एयर इंडेक्स 250 के पार चला गया है। चंदौली में भी इसका काफी असर पड़ा है। खासकर नगर क्षेत्र की हवा ज्यादा प्रदूषित हुई है। गांवों में हरियाली की वजह से प्रदुषण नहीं है। लेकिन जिले के चंदासी, पीडीडीयू नगर, चंदौली, चकिया और सैयदराजा क्षेत्र में हवा प्रदुषित हुई है। चंदासी में पहले से धूल के सघन गुबार उड़ते थे अब इसका खतरा और बढ़ गया है। शनिवार को जिले में बादलों के साथ आसमान में धुंध दिखा।
पूर्वांचल और खासकर वाराणसी की हवा प्रदुषित होने के चलते इसका असर चंदौली में भी कुछ क्षेत्रों में पड़ा है। चंदासी और पीडीडीयू नगर में शनिवार को आसमान धुंधला नजर आया। मौसम विज्ञानी कृष्ण मुरारी पांडेय के अनुसार मौसम में बदलाव और बादल से ऐसा हुआ है, पर इसमें कुछ अंश प्रदूषण का भी है। चंदासी में वैसे ही पूरे साल कोयले की धूल उड़ती रहती है अब स्मॉग के असर के चलते वायुमंडल में कार्बन, नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ने की वजह से आंखों व सांस रोगियों के लिए हवाएं घातक हो चलीं हैं। वायुमंडल में बढ़ती धूल, धुआं, कार्बन व नाइट्रोजन का जमा होना एयर इंडेक्स को भी बढ़ता है। शनिवार की सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। सुबह बूंदाबांदी भी हुई। इसको लेकर किसान चिंतित हैं। लेकिन जानकारों की माने तो इसमें पूर्वांचल में आए स्मॉग का भी मिलाजुला असर है।