कंदवा (चंदौली)। थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव में खेत में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने के घटना के दूसरे दिन बुधवार को भी गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात रही। इसके पूर्व मंगलवार की देर रात पुलिस अधीक्षक अमित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। उन्होंने हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया।
कंजेहरा गांव के दक्षिण तरफ दलित बस्ती के पास स्थित लुरखुर यादव के खेत में सोमवार की देर रात कुछ लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति रख दी थी। मंगलवार की सुबह खेत में मूर्ति लगा देख ग्रामीण आश्चर्य चकित हो उठे। लुरखुर यादव की बहू रीमा ने बेटी के साथ मूर्ति को उठाकर पास में बने सायर माता मंदिर के पास रख दिया। इसी को लेकर विवद हो गया। मामला संवेदनशील होने की वजह से यहां कंदवा और धीना पुलिस भी पहुंच गई। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने मूर्ति को कंदवा थाना ले आई।
इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष से निवर्तमान ग्राम प्रधान राजेश कुमार सहित 21 और दूसरे पक्ष से एक के खिलाफ 151 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं रात लगभग 12 बजे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार कंजेहरा गांव में घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, अजय यादव रहे।