नौगढ़। पीएम और सीएम आवास योजना के लाभार्थी योजना को पलीता लगाने का काम कर रहे हैं। प्रशासन के द्वारा खाते में आवास निर्माण के लिए दो किस्त में राशि मिलने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा कराने पर नौगढ़ के दो और चकरघट्टा थाना क्षेत्र के चार गांवों के 66 लाभार्थियों के विरुद्ध खंड विकास अधिकारी सुदामा यादव ने थाने में तहरीर दिया है। इसके अलावा 122 लाभार्थियों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दिया है कि जल्द ही आवासों का निर्माण प्रारंभ नहीं कराया गया तो उनके खिलाफ भी थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी सुदामा यादव ने बताया कि आवास निर्माण के लिए तीन किस्तों में 1.30 लाख रुपए का लाभ दिया जाता है। पहली किस्त में 44 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 76 हजार रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन आवास पूर्ण नहीं हुए। ऐसे में मरवटिया के नौ, जयमोहनी पोस्ता के चार, बरबसपुर के 11, बसौली के 16, गंगापुर के 14 और धन कुंवारी कला के 12 व्यक्तियो के खिलाफ तहरीर दी गई है। कहा कि आवास का निर्माण नहीं कराया गया तो इन लोगों के खिलाफ रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जो लोग भी प्रधानमंत्री आवास बनवाने में लापरवाही करेंगे, उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पंचायत सचिवों ने अधूरे पड़े पीएम और सीएम आवासों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले 122 लोगों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दिया है अगर शीघ्र निर्माण पूरा नहीं किया गया तो थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।