वन क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बुधवार को चंदौली जिले के नौगढ़ थाने के सभागार में जिले के अलावा मिर्जापुर और सोनभद्र की पुलिस व पीएसी के अधिकारियों ने मंथन किया। इसमें नक्सली गतिविधियां बढ़ने की आशंका व्यक्त करते हुए सतर्कता बढ़ाने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर सहमति बनी।
एडिशनल एसपी नक्सल अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में तीनों जिलों के पुलिस, पीएसी व खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पिछले दिनों नौगढ़ के जंगलों में चिपकाए गए लाल सलाम पोस्टर पर चर्चा करने के साथ ही जेल से छूटकर आए नक्सलियों की आय के स्रोतों का पता लगाने पर मंथन किया गया।
सीओ नक्सल नीरज सिंह ने बताया कि इन इलाकों में तैनात पीएसी बल थानाध्यक्ष का आदेश मानेंगे। सभी विभागों में समन्वय व सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान व एक्शन लेने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस व पीएसी की कांबिंग बढ़ाकर नक्सल गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी डा. अतुल गुप्ता, सीओ नक्सल चुनार सुनील सिंह, सीओ नक्सल सोनभद्र अभिनव यादव, वन क्षेत्राधिकारी रिजवान खान, इमरान खान, खुफिया विभाग के इंस्ट्रक्टर वेदव्यास मिश्रा, थाना प्रभारी रामउजागीर , थानाध्यक्ष चकरघट्टा राजेश सरोज मौजूद रहे।