पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार में तेजी से गिरावट जारी है। शुक्रवार को नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले सात गुना से अधिक रहे। शुक्रवार को जहां 20 नए पॉजीटिव मिले हैं, वहीं 155 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है।
शुक्रवार को मिले कोरोना रिपोर्ट मेें पांच महिला, 11 पुरूष, तीन बालक और एक बालिका में संक्रमण की पुष्टि हुई। ये सभी लोकल ट्रैवलिंग या अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक बरहनी, तीन चहनियां, एक चकिया, चार चंदौली, एक नौगढ़, तीन नियामताबाद, छह पीडीडीयू नगर और एक सकलडीहा के रहवासी हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को कोरोना की जांच के लिए कुल 1726 नमूने एकत्र किए गए। दूसरी तरफ आज 155 संक्रमित स्वस्थ हुए। इस प्रकार जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17514 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 203 है जबकि अब तक 16946 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं।