पड़ाव। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार की दोपहर में मढि़या, कटेसर, कटारिया क्षेत्र में दुकानों से विभिन्न सामानों के नमूने लिए। इसमें में कटरी जलेबी, बेसन, कच्ची बर्फी, दही आदि के नमूने लेकर टीम ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
टीम ने मढि़या रोड स्थित विभिन्न दुकानों से बेसन, कटरी, जलेबी इत्यादि के नमूने लिए। कटेसर स्थित चाय की दुकान से दही के नमूने लिए। कटारिया में मिठाई की दुकान से कच्ची बर्फी इत्यादि के नमूने लिए। कई दुकानदार अपने दुकानों को बंद कर भाग खड़े हुए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि होली व पवित्र रमजान माहके दौरान दुकानदार मिलावट के खाद्य पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। शासन के निर्देश पर यह नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच आगे भी जारी रहेगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालजीत यादव, अरविंद कुमार आदि शामिल रहे।