धीना। क्षेत्र के कमालपुर अमड़ा मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों लोगों के लिए खतरा बनने लगी हैं। झाड़ियों ने आधी सड़क को घेर लिया है। ऐसे में मार्ग से होकर गुजरने वाले कटीली झाड़ियों में फंसकर चोटिल हो जाते हैं।
रविवार की शाम सबल जलालपुर में कटीली झाड़ियों से बचने के चक्कर में आटो और बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई थी। इसमें आटो सवार घायल नथूनी राम (45) निवासी हरपुर जमानियां की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं संजय निवासी अमरा की हालत गंभीर बनी हुई है। धीना थाने के एसआई केपी सिंह, डिग्घी निवासी कामेश्वर राय, बब्बू राय, अरविंद राय, डैना निवासी दरोगा राय, सबल जलालपुर के प्रधान दिनेश यादव, अरविंद सिंह, प्रदीप यादव, नरेश राम, गिरीश पांडेय, बाचा गुप्ता, बगेदू गुप्ता ने कहा कि झाड़ियों की सफाई न होने से ये खतरनाक हो गई हैँ। आधी सड़क तक झाड़ियों के फैलने से यदि कोई बड़ा वाहन गुजरता है तो दूसरे वाहन को निकलने के लिए जगह नहीं बचती है। यदि कोई बगल से वाहन निकालना चाहे तो कटीली झाड़ियों का शिकार हो जाता है। ऐसी ही स्थिति धीना जमानिया मार्ग की भी है। यहां पर झाड़ियों का ऐसा अतिक्रमण है जगह-जगह पूरी सड़क ही जद में आ गई है। लोग किसी तरह आते जाते हैं। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।