पीडीडीयू नगर। गड्ढे, गिट्टी और धूल से भरी सड़कें डाला छठ के व्रतियों की कठिन परीक्षा लेंगी। नगर के प्रमुख तालाबों की ओर जाने वाली सड़कें खस्ताहाल हैं। दो दिन बाद पूजनोत्सव में यहां लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई इंतजाम नहीं किए।
डाला छह की शुरूआत पांच नवंबर से होगी। नगर के दामोदरदास पोखरे, मानसरोवर समेत चार प्रमुख तालाबों में लाखों व्रती महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी, लेकिन प्रशासन ने न तो प्रकाश की व्यवस्था कराई और न सड़कों की मरम्मत। तालाबों में गंदगी बजबजा रही है। तालाबों को जाने वाले रास्ते बेहद खराब हैं। कहीं गड्ढे हैं तो कहीं गिट्टियां उखड़ी हैं। ऐसे में नंगे पैर चलकर तालाबों पर पहुंचने में व्रतियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सबसे ज्यादा भीड़ दामोदर दास पोखरे पर होती है। यहां जाने वाली सड़क के दोनों ओर सिक्स लेन के निर्माण के लिए तीन महीने पहले दोनों चार फीट गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए थे। गड्ढों में भरे पानी से दुर्गंध आ रही है और जगह-जगह सरिया निकली हुई हैं। आसपास कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाए गए। ऐसे में छठ पूजा में भीड़ उमड़ने पर हादसे का खतरा बढ़ गया है।
हादसे के बाद लगाई गई चेतावनी पट्टी गायब
सिक्स लेन के निर्माण के दौरान सड़क के दोनों तरफ गहरी खोदाई कर छोड़ देने से घटनाएं हो रही थीं। दामोदरदास पोखरे के रास्ते में गड्ढे में गिरने से एक कार बच गई थी। अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की तो लोक निर्माण विभाग ने गड्ढों के किनारे चेतावनी पट्टी लगा दी थी। कुछ दिनों बाद ही वह पट्टी गायब हो गई। छठ में भीड़ उमड़ेगी लेकिन पीडब्ल्यूडी के अफसरों को कोई फिक्र नहीं है।
आठ किलोमीटर के मार्ग पर एक भी लाइट नहीं
दामोदरदास पोखरे पर पीडीडीयू नगर और चंदासी के लोग अर्घ्य देने आते हैं। चंदासी पुलिस चौकी से पड़ाव चौराहे तक आठ किलोमीटर के मार्ग पर एक भी लाइट नहीं है। शाम होते ही यह मार्ग अंधेरे में डूब जाता है। रविवार तक पालिका की ओर से प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। ऐसे में चंदासी से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
-
कोट-
सिक्स लेन के निर्माण के लिए सड़क के दोनों तरफ खोदाई की गई है। बचाव के लिए घेरा बनाया गया था। यदि वह हट गया है तो दोबारा लगवाया जाएगा। संकेतक भी लगाए जाएंगे।-राजेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
सिक्स लेन के लिए नगर की मुख्य सड़क के दोनों तरफ खोदाई की गई है। इसमें भरे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। लोक निर्माण विभाग इसको दुरुस्त नहीं कराता तो नोटिस जारी किया जाएगा। - अविनाश कुमार, ईओ, नगर पालिका, पीडीडीयू नगर