कंदवा। बरहनी ब्लॉक में बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क ध्वस्त होने के कारण लंबे समय से उपभोक्ता परेशान हैं। आम लोगों ही नहीं, पुलिस के सीयूजी नंबर भी काम नहीं कर रहे हैं।
क्षेत्र के असना गांव में बीएसएनएल का मोबाइल टाॅवर लगाया गया है। इसका सिग्नल आए दिन फेल रहने के कारण संचार सेवा लड़खड़ा गया है। पुलिस के सीयूजी नंबर भी शोपीस बनकर रह गए हैं। असना, कंजेहरा, पई, सुढ़ना, सिसौरा, कुसी, बकौड़ी गांवों के साथ कर्मनाशा के तटवर्ती गांवों अरंगी, अदसड़ आदि गांवों में भी नेटवर्क की समस्या से लोग परेशान हैं। बरहनी में लगे टावर से फोर जी सेवा शुरू की गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपना मोबाइल नंबर बीएसएनएल में पोर्ट कराया लिया, लेकिन नेटवर्क खराब रहने के कारण उन्हें इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इनसेट......
जरूरत के समय नहीं लगता कंदवा थाने का फोन
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस थानाध्यक्षों के साथ चौकी प्रभारियों को बीएसएनएल का सीयूजी नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, जो काम ही नहीं कर रहे। नेटवर्क ध्वस्त रहने के कारण इन नंबरों पर फोन ही नहीं लगता। क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं होने पर लोग पुलिस को सूचना तक नहीं दे पाते।
कोट........
असना में लगे टॉवर का रेडियो खराब होने के चलते नेटवर्क की समस्या आ रही है। जल्द ही इसकी मरम्मत कराकर नेटवर्क की गड़बड़ी दूर की जाएगी। गोविंदनाथ गुप्ता, एसडीओ, बीएसएनएल