सदर तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार को 164 फरियादियों ने
शिकायत दर्ज कराई। इसमें मात्र सात प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
शेष को निस्तारित करने के लिए संबंधित विभाग को सिपुर्द कर दिया
गया। साथ ही पेंशन योजना में शिकायत मिलने पर कृषि अधिकारी से जांच रिपोर्ट
मांगी।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस के प्रार्थना पत्रों व
शिकायतों पर ध्यान न देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए
उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने राशन वितरण में ढिलाई बरतने
वाले बिसौरी व नूरी के लेखपाल को खाद्यान्न वितरण में समय से सामग्री
कार्डधारकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि सरकार की प्राथमिकता
वाले कार्यों को अधिकारी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करें।
उन्होंने खंड
विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य
कराने में तेजी लाएं। मैनुद्दीनपुर व कोदई में समाजवादी पेंशन योजना में
अनियमितता की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत
करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा अधिशासी अधिकारी मुगलसराय को हनुमानपुर
में सड़क व नाली निर्माण कराने का निर्देश दिया। दुलहीपुर में ट्यूबवेल की
नाली पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कहा कि
यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ
तत्काल कार्रवाई करें। इस अवसर पर एसपी मुनिराज जी, मनोज, शशिमौलि उपाध्याय
आदि उपस्थित रहे।
इनसेट----
प्रार्थना पत्र देकर की शिकायत
चंदौली।
नगर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज
दुर्गेश नंदिनी ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने आरोप
लगाया कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी तहसीलदार सदर और बाल विकास
विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चकिया में आए 42 प्रार्थना पत्र
चकिया।
स्थानीय तहसील सभागार में मंगलवार को उपजिलाधिकारी रमाशंकर द्विवेदी की
अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में पेयजल तथा समाजवादी पेंशन का मुद्दा
छाया रहा।
तहसील दिवस में नौगढ़ में हैंडपंपों की मांग से संबंधित
प्रार्थना पत्र आए। जिन्हें निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों में भेज दिया
गया। तहसील दिवस में तहसीलदार जगदीश पांडेय सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।
फोटो 17
तहसील दिवस पर हुई खानापूर्ति
सकलडीहा।
स्थानीय तहसील दिवस में मंगलवार को सुबह 11 बजे तक एक दो अधिकारियों को
छोड़कर तहसील स्तरीय अधिकारी भी नदारत रहे। इस दौरान बीडीओ लोगों की फरियाद
सुनते रहे। जबकि शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, पुलिस, और बाल विकास परियोजना
विभाग के कई अधिकारी नदारत रहे।
कई तो चाय पान के लिये सभागार से नीचे आने
के लिये परेशान थे। इस दौरान आए कुल 30 प्रार्थना पत्रों में 1 का निस्तारण
कर समय से पूर्व ही चलते बने।
इस मौके पर तहसीलदार वीरेन्द्र राय, एसएसआई
रविन्द्र प्रताप यादव, एडीओ पंचायत रामनगीना सिंह, टीएन सिंह सहित अन्य
अधिकारी मौजूद रहे।