पीडीडीयू नगर। राजेंद्र नगर नई दिल्ली तेजस राजधानी का परिचालन बुधवार को शुरू हुआ। बुधवार को राजेन्द्र नगर से तेजस राजधानी नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। नई सुविधाओं से युक्त तेजस के कोच को देखने के लिए आम यात्रियों और रेलकर्मियों में उत्सुकता रही। वहीं इसमें सवार यात्रियों ने सुखद अनुभूति का एहसास किया।
पूर्व मध्य रेल की प्रतिष्ठित और प्रीमियम ट्रेनों में से एक राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली राजधानी स्पेशल एक्सप्रेस के मौजूदा रेक को नए तेजस प्रकार के स्लीपर कोच से बदला गया है। तेजस कोचयुक्त ट्रेन में यात्री सुरक्षा को बढ़ाने के लिए विशेष स्मार्ट फीचर्स लगाए गए हैं। बुधवार को इस ट्रेन में सवार यात्रियों ने अलग प्रकार का अनुभव लिया। बुधवार को चली तेजस राजधानी में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के दो, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के पांच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11, पैंट्रीकार के एक और पावर कार के दो कोच सहित कुल 21 कोच लगे रहे। पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचने पर इस ट्रेन को देखने के लिए रेलकर्मियों में भी उत्सुकता रही। वहीं दूसरे ट्रेनों में सवार होने गए यात्री भी तेजस को देख भौचक रह गए।
पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रोशन ने बुधवार को मंडल केमानपुर और गया में पहुंच कर व्यापारियों से मुलाकात की। व्यापारियों को अपने माल को गुड्स ट्रेन से भेजने का आह्वान किया। रेलवे की ओर से माल ढुलाई में दी जा रही सुविधाओं के बारे मे बताया। इसके पूर्व उन्होंने मानपुर में निर्माणाधीन गुड्स शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने गया जंक्शन पर पार्सल लदान की विस्तार से समीक्षा की। संवाद