चंदौली में पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन के दिल्ली छोर पर लाइन शहीद बाबा की मजार के समीप बृहस्पतिवार को रेल पटरी चटक गई। इससे छह घंटे तक प्लेटफार्म पर कोई भी ट्रेन नहीं आ सकी। इंजीनियरिंग टीम ने कड़ी मेहनत के बाद पटरी को बदल कर आवागमन शुरू कराया।
बृहस्पतिवार की सुबह पौने नौ बजे गश्त के दौरान प्लेटफार्म संख्या तीन के दिल्ली छोर पर ट्रैकमैन की नजर चटकी हुई पटरी पर पड़ी। ट्रैकमैन ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल को दी। इसके बाद तीन नंबर पर आने वाली सभी ट्रेनों को रोक दिया गया।
इंजीनियरिंग टीम ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढ़े तीन बजे प्लेटफार्म पर ट्रेनों का आवागमन शुरू कराया। इसके पहले तीन नंबर पर आने वाले ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्म पर लाया गया। इससे ट्रेनों के परिचालन पर प्रभाव नहीं पड़ा। डीआरएम राजेश पांडेय ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।