पीडीडीयू नगर। पड़ाव क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार के पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए विभाग ने पिछले वर्ष फरवरी माह में दो करोड़ सात लाख रुपये की परियोजना बनाकर शासन के पास भेजी थी। शासन ने इसे पिछले वर्ष नवंबर माह में स्वीकृति के लिए संस्कृति विभाग के पास भेज दिया था। बावजूद इसके सात माह से उपकेंद्र निर्माण की फाइल संस्कृति विभाग में अटकी पड़ी है।
विभाग का कहना है कि अनुमति और धन प्राप्त होने के बाद उपकेंद्र का निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा। उपकेंद्र निर्माण से पड़ाव क्षेत्र के करीब 40 गावों में निर्बाध बिजली की आपूर्ति होगी। गौरतलब यह भी है कि अनुमति के लिए कमिश्नर ने भी पत्र लिखा है।
वर्तमान में पड़ाव क्षेत्र में साहूपुरी पावर हाउस से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। आपूर्ति में व्यवधान आने पर गड़बड़ियों को दूर करने की जिम्मेदारी विद्युत वितरण खंड -2 मुगलसराय पर है। इससे कभी-कभी गड़बड़ी दूर करने में समस्या होती है। इसके अलावा पड़ाव पर संचालित अस्थायी सब स्टेशन के बंद रहने से उपभोक्ताओं को बिजली का बिल जमा करने के लिए करीब आठ किलोमीटर दूर चंदासी उपकेंद्र या पीडीडीयू नगर विद्युत वितरण खंड कार्यालय आना पड़ता है। उपकेंद्र के बन जाने से उपभोक्ताओं को इन परेशानियों से छुटकारा मिल जाएगा। साथ ही उन्हें अधिक मात्रा में बिना किसी समस्या के बिजली मिलेगी। उन्हें लो-वोल्टेज की समस्या से भी छुटकारा मिल जाएगा। इसके बाद भी संस्कृति विभाग की ओर से उपकेंद्र बनाने के लिए एनओसी प्रदान न किया जाना उपभोक्ताओं की समझ के परे हैं।
उपकेंद्र बन जाने से पड़ाव क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों के साथ डांडी तक जीटी रोड के आसपास के क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुलभ हो जाएगी। वहीं इससे लगभग 40 गांवों को बिजली की आपूर्ति भी की जाएगी। अनापत्ति प्रमाण पत्र और शासन से धन मिलने के बाद सब स्टेशन का निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा।
सब स्टेशन बनाने के लिए बिजली विभाग ने दो करोड़ 70 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी थी। नया उपकेंद्र 10 एमवीए क्षमता का होगा। उपकेंद्र बनाने के लिए बिजली विभाग की ओर से जमीन की तलाश कर ली गई है। उपकेंद्र को पड़ाव चौराहा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन में बनाया जाएगा। हालांकि इसके लिए विभाग को प्रदेश के संस्कृति विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होगा। अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद उपकेंद्र का निर्माण आरंभ कर दिया। संवाद
विगत वर्ष फरवरी माह में कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई थी। संस्कृति विभाग से अनुमति मिलने और शासन से धन अवमुक्त होते ही सब स्टेशन बनाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।-प्रवीण सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड -2, मुगलसराय।