जनपद में औद्योगिक माहौल अनुकूल बनाए रखने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को डीएम संजीव सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम के सदस्यों की बैठक हुई। इसमें डीएम ने कहा कि जनपद में औद्योगिक माहौल को अनुकूल बनाए रखने के लिए इंडस्ट्रियल एरिया में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति, सुरक्षा, साफ-सफाई के साथ ही सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का फौरन निस्तारण हो। किसी भी उद्यमी को अनावश्यक परेशान न होना पड़े इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान पटनवा से सिंधीताली होते हुए औद्योगिक नगर तक फेज-2 सड़क निर्माण कार्य के लंबित प्रकरण पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निर्माण कराना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उद्यमियों ने डीएम को औद्योगिक क्षेत्र में सड़क व खाली स्थानों पर किए गए अतिक्रमण की जानकारी दी। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित प्राथमिक विद्यालय में अतिक्रमण को खाली कराए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नोटिस भेजने का आश्वासन दिया। साथ ही धीनस्थों को त्वरित कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र को अतिक्रमण को मुक्त कराए जाने का निर्देश दिया। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में जब्त वाहनों के खड़े करने के प्रकरण पर एआरटीओ को खाली स्थान चिन्हित कर वैकल्पिक रूप से वाहनों को औद्योगिक क्षेत्र से हटाकर खड़ा कराए जाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 रामनगर, चंदौली स्थित जफरपुर पुलिस चौकी के सामने सीसी रोड के दोनों तरफ जब्त ट्रकों को हटाए जाने के संबंध में डीएम ने परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को जब्त वाहनों को वहां से अन्यत्र हटाए जाने के निर्देश दिए। उद्यमियों के बैंक गारंटी के भुगतान के संबंध में सहायक आयुक्त स्टांप को ऐसे समस्त प्रकरणों के निस्तारण के लिए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इस मौके पर सीडीओ अजितेंद्र नारायण, जिला उपायुक्त उद्योग अधिकारी गौरव मिश्रा, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य रहे।