चंदौली। जिले की 734 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार की रात प्रधानी का राज समाप्त हो गया है। हालांकि गांवों में प्रशासकों की नियुक्ति नहीं हुई। अब सोमवार को एडीओ पंचायत गांवों के प्रशासक के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे। अभी तक पंचायत के चुनाव की तारीख तय न होने के कारण गांव के लोगों को प्रधान का इंतजार करना होगा।
कोरोना की वजह से तय समय पर पंचायत चुनाव नहीं हुए। जिले के 734 ग्राम पंचायतों के प्रधान का कार्यकाल 25 दिसंबर तक ही था और आधी रात के बाद कार्यकाल समाप्त हो गया। गांवों में विकास कार्य में बाधा न आए इसके लिए एडीओ को प्रशासक के रूप में तैनात किया जाना है। अभी तक जिला प्रशासन की ओर से प्रशासकों की तरह नहीं हो पाई है। पंचायत विभाग के संबंधित अधिकारियों की माने तो संभवत सोमवार से प्रधानों के बाकी कार्यों को पूरा करने के लिए एडीओ को जिम्मेदारी मिल सकती है। दूसरी तरफ प्रदेश की ओर से अभी तक पंचायत चुनाव की तारीख की घोषणा नहीं हुई है। गांवों में इन दिनों मतदाता सूची के पुनरीक्षण का अभियान गति पकड़ चुका है, जबकि ब्लॉक तथा जिला पंचायत के चुनाव को भी लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ब्रह्मचारी दुबे का कहना है कि शासन के लिए ग्राम प्रधानों के खातों पर रोक लगा दिया गया है। जल्द ही जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की ओर से विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासकों की नियुक्ति की जाएगी।