चहनिया/नियामताबाद। नए किसान कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। छठे दिन शनिवार को सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने क्षेत्र के चकरा, मठिया, पूरा बिजयी, पूरा गणेश व हरधन गांव में किसान कानून को लेकर किसानों के समर्थन में पदयात्रा निकाली। साथ ही जनचौपाल लगाकर किसानों को कानून के प्रति सचेत किया। वहीं पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नियामताबाद विकासखंड के पचोखर, नियामताबाद, बुधवार, लाखापुर, शिवनाथपुर आदि गांवों में पदयात्रा निकालकर किसानों को जागरूक किया। विधायक ने कहा कि देश का किसान संकट के दौर से गुजर रहा है। सरकार अन्नदाताओं पर जुल्म कर रही है। सरकार वर्ष 2014 में किसानों से किया वादा पूरा करने की बजाए नए कानून लाकर उन्हें परेशान कर रही है। सरकार ने उद्योगपतियों को रेल बेच दिया, बिजली विभाग का निजीकरण कर दिया, बिग बाजार और जमीन भी बेच दिया। कहा कि भाजपा सरकार एक दिन देश को गुलाम बना देगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, जिला पंचायत सदस्य सतीश कुमार, डॉ. दीपक निषाद, रविंद्र यादव, धर्मेद्र यादव, प्रमोद यादव, दीपक निषाद, दिनेश निषाद, डॉ. अदालत निषाद, सीताराम, रमेश आदि मौजूद थे। वहीं नियामताबाद में सपा कार्यकर्ताओं ने पचोखर, नियामताबाद, बुधवार, लाखापुर, शिवनाथपुर आदि गांवों में पदयात्रा निकाली। पचोखर में आयोजित किसान चौपाल में पूर्व प्रमुख ने कहा कि सरकार तो किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है पर किसानों की आय आधी रह गई है। किसान अपनी उपज बिचौलियों के हाथों बेचने को विवश हैं। क्रय केंद्रों पर धान खरीद नहीं हो रही है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष जलालुद्दीन अंसारी, राजू पांडेय, महेंद्र श्रीवास्तव, जगत जायसवाल, नितेश जायसवाल, मंगल सिंह, तेजबली यादव, रामचंद्र यादव, लालू यादव, रामजन्म यादव आदि मौजूद रहे।