चंदौली। पुलिस लाइन परिसर और थानों में मंगलवार को पुलिस झंडा दिवस का आयोजन किया गया। एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस लाइन व थाना प्रभारियों ने थानों में पुलिस ध्वज फहराया। एसपी ने मातहतों को यूपी पुलिस के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानकारी दी।
अधीनस्थों को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी पुलिस के लिए 23 नवंबर का दिन बहुत ही गौरवशाली है। वर्ष 1952 के 23 नवंबर को प्रधानमंत्री ने यूपी पुलिस को ध्वज प्रदान किया था। यह ध्वज हमारे चरित्र व गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। यूपी पुलिस में ऐसे तमाम उदाहरण मौजूद हैं, जिन्होंने लोक सेवा में अपने शौर्य, कर्तव्य परायणता के साथ अप्रतिम योगदान दिया। झंडा से हमें प्रेरणा मिलती है। इसे फहराने से नई ऊर्जा का संचार होता है। यूपी पहला राज्य है, जिसे सबसे पहले पुलिस ध्वज मिला। उन्होंने मातहतों को ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने की नसीहत दी। इसके अलावा समस्त थानों में झंडा दिवस का आयोजन हुआ। पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी के साथ दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
एसपी ने व्यापारियों से मांगा सहयोग
एसपी अंकुर अग्रवाल ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस लाइन में व्यापारियों संग बैठक की। उन्होंने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर स्थानीय पुलिस के अलावा उच्चाधिकारियों से संपर्क कर सकते है। कहा कि सभी लोग अपने प्रतिष्ठान के बाहर सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगाएं। इससे उनकी सुरक्षा के साथ पुलिस को भी मदद मिलेगी।