हाकी एकेडमी में खिलाड़ियों को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का वीणा उठाया है नेशनल इंटर कालेज के शिक्षक भारत भूषण सिंह ने। वह बीएचयू के पूराछात्र भी रह चुके हैं। कालेज में नियुक्ति के बाद से ही उन्होंने छात्रों के साथ-साथ क्षेत्र के सब जूनियर स्तर के छात्रों को जनवरी 2020 में हॉकी के प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। शनिवार को हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्होंने कालेज के अलावा बाहरी युवाओं को भी नि:शुल्क हाकी का प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने नेशनल इंटर कालेज के पूर्व खेल शिक्षक स्व नंद किशोर सिंह के नाम पर एकेडमी का नाम रखा है। जो अपने समय में हाकी के बेहतर खिलाड़ी थे। कालेज के शिक्षक डॉ. भारत भूषण सिंह ने बताया कि उनके साथ क्षेत्र के हॉकी के दो प्रदेशस्तरीय खिलाड़ी रहे गंगाराम यादव और आनंद सेठ प्रतिदिन सुबह शाम में ग्राउंड में प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताह में एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी बनारस निवासी राहुल सिंह को भी प्रशिक्षण के लिए बुलाने की तैयारी है। प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को खेल शिक्षक अपने निजी खर्चे से किट मुहैया करा रहे हैँ। शनिवार को इस अकादमी के उदघाटन के बाद नेशनल इंटर कालेज के कई पुरातन छात्रों ने आर्थिक सहयोग देने की बात कही है। आगे अकादमी को सुचारू से चलाने के लिए इनका भी सहयोग लिया जाएगा।ताकि कालेज के साथ-साथ बाहरी युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया जा सके।