चकिया नगर पंचायत सभागार में बोर्ड की बैठक में बोलते ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक मंगलवार को सभागार में प्रशासक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने वार्ड नंबर दो अंबेडकर नगर में इंटरलॉकिंग और सीवर निर्माण कार्य कराने वाली कार्यदायी संस्था दीपशिखा कंस्ट्रक्शन कंपनी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने, एफडीआर जब्त कर ने तथा संस्था को काली सूची में डालने का निर्देश दिया। प्रशासक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा ने कार्यदायी संस्था पर कार्य में शिथिलता बरतने का आरोप लगा यह आदेश जारी किया।
बोर्ड की बैठक में सामुदायिक भवन का किराया ढाई हजार से बढ़ाकर 6000 प्रतिदिन करने तथा नि:शुल्क शव वाहन दिए जाने पर रोक लगाते हुए उसका किराया 1200 करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में पार्किगिं का रेट तय कर, बोर्ड लगाने, वार्ड नंबर आठ दुर्गा नगर में नौगजा शहीद परिसर में लाइब्रेरी कक्ष का निर्माण कराने, जिला संयुक्त चिकित्सालय के सामने मौजूद दुकानों के उपर दूसरे तल का निर्माण कराकर व्यवसायियों को आवंटित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा नगर पंचायत में टैक्स वसूली प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने, 25 बिजली के खंभे लगाने, सामुदायिक भवन की मरम्मत व रंगाई पुताई कराने, मोबाइल टॉयलेट का किराया पंद्रह सौ रुपया प्रतिदिन करने का भी प्रस्ताव पास हुआ। बैठक में सभासदों द्वारा कुल 75 प्रस्ताव आए जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर सभासद गीता सोनकर, मीना विश्वकर्मा, उर्मिला गुप्ता, सुधा शर्मा, चंदा जायसवाल, मनोज कुमार, अनिल केसरी, शाहनवाज खान, राजेश चौहान, वैभव मिश्रा, संदीप मौर्य, प्रमोद कुशवाहा, लिपिक राकेश रोशन रहे। संचालन ईओ मेंही लाल गौतम ने किया।