प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नौगढ़ में बन रही कई सड़कें लापरवाही की भेंट चढ़ गई हैं। विभाग के अधिकारी ने तो सड़कों की देखरेख कर रहे हैं और ना ही सड़कों का निर्माण पूरा करने में गंभीरता दिखा रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल विकासखंड में बिहार की सरहद को जोड़ने वाले नौगढ़ बांध मार्ग तक जाने वाली सड़क का है। अप्रैल 2018 से आरंभ हुए इस मार्ग के निर्माण को अब तक पूरा नहीं किया जा सका है जबकि इसकी कार्यावधि तीन अप्रैल वर्ष 2019 तक ही थी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रही 12 किलोमीटर के इस मार्ग पर गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। मार्ग पर बड़े- बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली छात्राओं को साइकिल से आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। 12 किलोमीटर के इस मार्ग को बनाने के लिए शासन की ओर से चार करोड़ 35 लाख 50 हजार रुपये अवमुक्त किए गए हैं। मार्ग निर्माण कार्य 4 अप्रैल 2018 को प्रारंभ किया गया था जिसका निर्माण 3 अप्रैल 2019 को पूरा करना था परंतु अब तक मार्ग बन नहीं पाया है। कार्यदाई संस्था को मार्ग निर्माण में तीन पुलिया और सीसी पद्धति का प्रयोग किया जाना है। सारी औपचारिकता पूरी होने के बाद भी समय पर कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया और लेटलतीफी के चलते अभी तक आधा काम भी नहीं हो सका है। कार्यदाई संस्था ने मार्ग पर मिट्टी व गिट्टी की एक परत बिछा दी है पर दूसरी परत बिछाने के साथ सीसी का काम शेष है। अब तो मार्ग के निर्माण का कार्य ही बंद कर दिया गया है। इससे मार्ग बनने का कार्य अधर में लटका हुआ है।