कंदवा। नरवन क्षेत्र में खेतों में लहलहा रही सरसों की फसल मेहनतकश किसानों को आह्लादित कर रही है। आधुनिक पद्धति से सरसों की खेती करने वाले टेल के किसान कम लागत में ज्यादा मुनाफा की उम्मीद हैं। नरवन के छोर पर बसे किसान गेहूं के खेतों में सरसों की बुआई करने की बजाय अलग खेतों में बुआई कर अच्छा मुनाफा कमाने के लिए प्रयासरत हैं। दो बार की हल्की सिंचाई व दवा के छिड़काव के बाद इस समय खेतों में लहलहा रही सरसों की अच्छी फसल देख अच्छी पैदावार की उम्मीद जता रहें हैं।
क्षेत्र के असना, कोदई, तलासपुर, कंजेहरा, ओयरचक, जलालपुर, बरली, बरिला, पई आदि गांव के किसान कम लागत, कम सिंचाई, अच्छा पैदावार व मुनाफा के साथ साथ खाने के लिए शुद्ध सरसों का तेल उपलब्ध हो यही सोच कर रबी के सीजन में गेहूं की खेती के अलावा सरसों की खेती पर ज्यादा जोर दे रहें हैं। क्षेत्र के नागेन्द्र सिंह, प्रदीप सिंह, नरेन्द्र सिंह, बैरिस्टर यादव, शंकर सिंह आदि किसानों ने कहा कि पहले गेहूं के खेतों में ही सरसों की भी बुआई कर देते थे। ऐसे में गेहूं की पैदावार पर भी प्रतिकूल असर पड़ता था साथ ही साथ सरसों की फसल पकने के बाद कटाई में भी काफी परेशानी होती थी। अब अलग खेतों में सरसों की खेती की गई है। जो काफी अच्छी लगी है। यदि मौसम ने साथ दिया तो काफी अच्छी पैदावार निश्चित है। किसानों ने बताया कि सरसो की फसल को दो हल्की सिंचाई के साथ साथ समय समय पर दवा का छिड़काव भी कराया गया है।