चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के महड़ौरा ग्राम प्रधान के पति पंकज सिंह की हत्या के बाद बृहस्पतिवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने उनके परिवार वालों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार वालों को ढांढस बंधाया। उन्होंने एसपी को फोन कर हत्यारों को जल्द पकड़ने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराये जाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने रईया गांव जाकर चिकित्सक से भी मुलाकात की।
महरौड़ा ग्राम प्रधान के पति पंकज सिंह की दो दिन पूर्व बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद बृहस्पतिवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने गांव जाकर मृतक के परिवार वालों से मुलाकात की। विधायक ने उन्हें सांत्वना दी और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार से फोन वार्ता कर हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और सुरक्षा मुहैया कराये जाने की बात कही। इसके बाद विधायक रईया गांव पहुंचे। जहां उन्होंने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर आये होमियोपैथिक डॉ. अमरेश्वर मौर्या से कुशलक्षेम पूछा। वहां भी उन्होंने एसपी से वार्ता कर परिवार को सुरक्षा मुहैया कराये जाने की बात की। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह, अवधेश सिंह, सुजीत सिंह मौजूद रहे।