शिकारगंज। क्षेत्र के मुजफ्फरपुर ग्राम पंचायत के कुंडा हैमैया गांव निवासी गुल्लू वनवासी की विवाहिता पुत्री राधिका (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार को मौत हो गई। परिजन दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
मुजफ्फरपुर ग्राम पंचायत के कुंडा हेमैया निवासी गुल्लू वनवासी की पुत्री राधिका की शादी दो वर्ष पूर्व चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुसाहिबपुर गांव में हुई थी। ससुराल में अनबन होने के चलते पिछले कुछ महीने से वह मायके में रह रही थी। मंगलवार को सुबह लगभग 10 बजे भोजन करने के बाद वह अपने खपरैल नुमा मकान में चली गई। घर के सदस्य प्रतिदिन की तरह पास ही के जंगल में जलावनी लकड़ी की तलाश तथा काम को लेकर गए थे। आशंका जताई जाती है कि अकेले होने का फायदा उठाकर विवाहिता पुत्री ने घर में रखे कीट नाशक दवा का सेवन कर लिया। थोड़ी देर में उसकी हालत खराब होने पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजन दाह संस्कार की तैयारी में जुट गए। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि विवाहिता की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।