धानापुर थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव उतराया मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो युवक की पहचान धीना थाना के इनायतपुर गांव निवासी कतवारु राय के पुत्र विपुल राय (21) के रूप में हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि 26 जुलाई को पबजी खेलने को लेकर विपुल और उसके मित्रों में विवाद हो गया। जिससे बाद घरवालों ने भी युवक को डांट लगाई। उस दिन तो नहीं लेकिन 27 जुलाई की भोर में युवक अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजा पर वह नहीं मिला। थक-हारकर उसके पिता ने 28 जुलाई को धीना थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बृहस्पतिवार को धानपुर के हेतमपुर गांव के तालाब में युवक का शव उतराया हुआ मिला। युवक के पिता कतवारू राय ने आरोप लगाया कि मेरे बेटे की हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे चंदरखा गांव के समीप बृहस्पतिवार की दोपहर में नाले में वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सुचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाल कर पहचान का प्रयास किया गया। वृद्ध महिला की उम्र 65 वर्ष बताई गई है। वह पीले रंग की छाप की धोती पहनी हुई है। नाले में गिरने के कारण आंख के समीप काला हो गया है। मौके पर पहुंचे अलीनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह और सीओ सदर रामवीर सिंह ने लोगों से शव का पहचान कराने का प्रयास किया गया। पहचान न होने के कारण अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।