नौगढ़। खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने बीआरसी पहुंचे तो कैंपस का प्राथमिक तथा जूनियर हाई स्कूल ( कंपोजिट) नौगढ़ में ताला बंद मिला। बृहस्पतिवार को दोनों विद्यालय के अनुपस्थित छह शिक्षकों समेत दो अनुदेशक और दो शिक्षा मित्रों से स्पष्टीकरण मांगा है।
कोविड-19 के चलते स्कूली बच्चों की पढ़ाई बंद चल रही है। डीएम संजीव सिंह ने मिशन कायाकल्प के साथ बस्तियों में मोहल्ला पाठशाला चलाने को कहा है। विद्यालय स्टाफ को सुबह आठ बजे से दिन में दो बजे तक उपस्थित रहने के निर्देश हैं, लेकिन अधिकांश विद्यालयों में इन निर्देशों के नाम पर महज खानापूर्ति हो रही है। बीईओ अवधेश नारायण सिंह ने बीआरसी कैंपस में संचालित कंपोजिट स्कूल का 9 बजकर 50 मिनट पर निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में ताला लटका मिला और सभी शिक्षक अनुपस्थित मिले। बीईओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक रमाकांत यादव के साथ ही सहायक अध्यापकों में आशुतोष, राज कुमार त्रिपाठी, अनिल मौर्य, अविनाश चौहान, कुमार गौरव के अलावा अनुदेशक कैलाश, सारिका तिवारी तथा शिक्षामित्रों में हरीश खरवार, प्रभु नारायण से स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि संतोषजनक जवाब न देने पर एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मोहल्ला पाठशाला प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।