धीना। बरहनी विकासखंड के भैसाकला गांव में चल रहे सीसी रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण जिला पंचायत के अधिशासी अधिकारी विजयानंद तिवारी ने बुधवार को किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने को कहा। चेतावनी दी कि यदि रोड का निर्माण मानक के अनुसार नहीं हुआ तो लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए पंचायत सदस्य संध्या सिंह से शिकायत की थी। मंगलवार को पंचायत सदस्य संध्या सिंह ने सड़क निर्माण का कार्य रोकवा दिया था। इसकी खबर अमर उजाला में बुधवार के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित होने के बाद जिला पंचायत विभाग हरकत में आया। सड़क निर्माण कार्य की जांच करने के लिए बुधवार को जिला पंचायत के अधिशासी अभियंता विजयानंद तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी कमलेश सिंह, जेई सुभाषचंद्र व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज शुक्ला अन्य ग्रामीणों के साथ कार्यस्थल पर पहुंच गए। जांच में पाया कि ईंट को तोड़ कर उसकी गिट्टी बनाकर सड़क पर डाली गई थी। इसपर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की हिदायत दी। चेताया कि मानक के अनुरूप कार्य न होने पर लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इस मौके पर दीपक शुक्ला, अंकित सिंह, बृजेश सिंह मौजूद रहे।